हुड़दंग का विरोध पड़ा भारी

मेरठ के परतापुर में हुड़दंग का विरोध करने पर शराबी युवकों ने फरसे-चाकू से हमला किया, चार लोग घायल।

हुड़दंग का विरोध पड़ा भारी
हुड़दंग का विरोध पड़ा भारी
हुड़दंग का विरोध पड़ा भारी
HIGHLIGHTS:

➡️ शराब के नशे में हुड़दंग का विरोध पड़ा भारी
➡️ फरसे-चाकू व लाठी-डंडों से देवर-भाभी पर हमला
➡️ चार लोग घायल, महिला की हालत गंभीर
➡️ देर रात अछरोंडा गांव में मची अफरातफरी
➡️ पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज करने की तैयारी

हशमे आलम/ जन माध्यम

मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के अछरोंडा गांव में शुक्रवार देर रात शराब के नशे में किए जा रहे हुड़दंग का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आधा दर्जन युवकों ने देवर-भाभी पर फरसे, चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में देवर-भाभी समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित विकास पुत्र निवासी अछरोंडा गांव ने परतापुर थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात उसके पड़ोसी गंगादास के मकान में उसका बेटा रोहित, मोहित, सागर, भतीजा वरुण और कुणाल शराब पीकर तेज आवाज में म्यूजिक चला रहे थे और गाली-गलौच कर रहे थे। देर रात शोरगुल बढ़ने पर विकास उनके घर पहुंचा और म्यूजिक की आवाज धीमी करने को कहा। इसी बात को लेकर रोहित से उसकी कहासुनी हो गई।

आरोप है कि कहासुनी के बाद रोहित, मोहित, सागर, वरुण और कुणाल ने अचानक फरसे, चाकू और लाठी-डंडों से विकास पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव में आई उसकी भाभी सविता, भाई ब्रिजेश और भतीजे दिव्यांशु पर भी आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में सविता के सिर में फरसा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घायलों सविता, विकास, ब्रिजेश और दिव्यांशु को उपचार के लिए सीएचसी भूडबराल भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सविता की हालत चिंताजनक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।