आंवला सांसद नीरज मौर्य पांच दिवसीय अध्ययन दौरे पर, पीडीएस व्यवस्था का करेंगे निरीक्षण
आंवला सांसद नीरज मौर्य पांडिचेरी, चेन्नई और अंडमान-निकोबार में पीडीएस व्यवस्था के अध्ययन दौरे पर हैं।
➡️ आंवला सांसद नीरज मौर्य पांच दिवसीय अध्ययन दौरे पर
➡️ पांडिचेरी, चेन्नई और अंडमान-निकोबार में पीडीएस का निरीक्षण
➡️ सस्ता गल्ला दुकानों व राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा
➡️ डिजिटलीकरण और पारदर्शिता पर दिया गया जोर
➡️ दौरे के अनुभव आंवला क्षेत्र में लागू करने का आश्वासन
हसनी दनिश/ जन माध्यम
पुदुचेरी। आंवला से समाजवादी पार्टी के सांसद नीरज मौर्य इन दिनों उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्य के रूप में एक महत्वपूर्ण पांच दिवसीय अध्ययन दौरे पर हैं। यह दौरा पुदुचेरी, चेन्नई और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में चल रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और तकनीकी उपयोग का स्थलीय अध्ययन करना है।
दौरे के पहले दिन सांसद नीरज मौर्य ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ स्थानीय अधिकारियों से विस्तृत बैठक की। बैठक में सस्ता गल्ला दुकानों की कार्यप्रणाली, राशन कार्डों के डिजिटलीकरण शिकायत निवारण व्यवस्था और अनाज के भंडारण, परिवहन तथा लाभार्थियों तक वितरण की पूरी प्रक्रिया पर गहन चर्चा हुई। अधिकारियों ने समिति को एक विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिया।
सांसद नीरज मौर्य ने इस दौरान कहा, "केंद्र सरकार की मंशा है कि कोई भी गरीब भूखा न रहे और हर पात्र परिवार को समय पर उचित मात्रा में अनाज उपलब्ध हो।"उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दौरे से प्राप्त उपयोगी जानकारियों और सुझावों को आंवला संसदीय क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत बनाने में उपयोग किया जाएगा, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पुदुचेरी के मुख्यमंत्री श्री आर. रंगा स्वामी ने भी सांसद नीरज मौर्य और समिति का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान एफसीआई (फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया) विभाग में परारोपण (ट्रांसफर) का कार्यक्रम भी टी. वी. कोली, पांडिचेरी में संपन्न हुआ।
समिति के साथ सहयोग के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई, जिनमें मुख्य रूप से संयुक्त सचिव श्रीमती सी. शिखा, आई.ए.एस. (भारत सरकार) और श्रीमती जसिंथा लाज़ारुस, आई.ए.एस., एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, एफ.सी.आई. साउथ जोन शामिल हैं।
यह दौरा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे देशभर के गरीब परिवारों को और बेहतर लाभ मिल सके। जन माध्यम अखबार के संवाददाता की रिपोर्ट।