जब सुरों ने सियासत में भरा जोश
बिजनौर में समाजवादी पार्टी के थीम सॉन्ग “यूपी के शेर” के रचयिता गायक गगनदीप सिंह को जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
➡️ बिजनौर में सपा थीम सॉन्ग के रचयिता का सम्मान
➡️ “यूपी के शेर” गीत को मिली व्यापक लोकप्रियता
➡️ जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने शाल ओढ़ाकर किया अभिनंदन
➡️ पार्टी कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पर गीत की धूम
➡️ 2027 मिशन में गीतों को बताया अहम हथियार
➡️ अखिलेश यादव की विचारधारा से प्रेरित रचनाएं
फहीम शेख / जन माध्यम
बिजनौर।
सियासत में जब सुर और शब्द जुड़ते हैं, तो संदेश सीधे दिलों तक पहुंचता है। बिजनौर से ऐसी ही एक खास खबर सामने आई है, जहां समाजवादी पार्टी के लिए जोशीले थीम सॉन्ग तैयार करने वाले स्थानीय गायक गगनदीप सिंह का पार्टी कार्यालय में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके गीतों ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा है, बल्कि सपा के कार्यक्रमों की पहचान भी बनते जा रहे हैं।
सोमवार को चांदपुर चुंगी स्थित सपा जिलाध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर गगनदीप सिंह के पहुंचने पर जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गगनदीप सिंह के गीत पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का स्रोत बन रहे हैं।
गौरतलब है कि गगनदीप सिंह ने समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए कई गीत लिखे और कंपोज किए हैं। इनमें “यूपी के शेर” गीत को जबरदस्त लोकप्रियता मिली है। यह गाना पार्टी के कार्यक्रमों से लेकर कार्यकर्ताओं की सोशल मीडिया रीलों तक में धूम मचा रहा है और संगठन में जोश भरने का काम कर रहा है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने कहा कि ऐसे गीत कार्यकर्ताओं के मनोबल को मजबूत करते हैं और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प को मजबूती देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गगनदीप सिंह आगे भी इसी तरह पार्टी के लिए प्रेरणादायक रचनाएं करते रहेंगे।
वहीं गगनदीप सिंह ने कहा कि उन्हें गाने लिखने और गाने का शौक है। वे अखिलेश यादव की विचारधारा और उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में युवाओं के लिए किए गए कार्यों से प्रेरित होकर ये गीत बनाते हैं। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव द्वारा उनके गीतों की सराहना किया जाना उनके लिए गर्व की बात है। उनका लक्ष्य है कि वे लगातार ऐसे जोश से भरे गीत बनाते रहें, जिससे युवाओं में उत्साह बना रहे।
कार्यक्रम में सचिन पाल, विकास कुमार सिंह, सद्भाव विश्नोई, आदित्य पाल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। यह आयोजन साफ तौर पर दिखाता है कि समाजवादी पार्टी संगठन के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी बराबर महत्व दे रही है।