समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत, भाजपा पर जमकर हमले, 2027 में बड़ी जीत का दावा किया

समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत, भाजपा पर जमकर हमले, 2027 में बड़ी जीत का दावा किया

बरेली। समाजवादी पार्टी इन दिनों पूरे प्रदेश में पीडीए पंचायतों का आयोजन कर रही है। जिसमें कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में शहर के आईएमए हॉल में एक भव्य पीडीए पंचायत का आयोजन हुआ। जिसकी अगुवाई डॉ. अनीस बेग ने की। कार्यक्रम में समाजवादी अंबेडकर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष समीम खान सुल्तानी ने की। 

कार्यक्रम में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा को स्वर्ग का इतना ही शौक है, तो पूरी पार्टी वहीं चली जाए। हमें हमारा संघर्ष भरा जीवन और बाबा साहब अंबेडकर का मिशन चाहिए। वहीं पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरपाल यादव ने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि अगर हम अपनी एकजुटता बनाए नहीं रखेंगे, तो भाजपा हमें आपस में बांटकर सत्ता पर काबिज़ होती रहेगी।

सपा के लिए 2027 में बड़ी जीत का दावा

महानगर अध्यक्ष समीम खान सुल्तानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही बाबा साहब अंबेडकर के अधूरे मिशन को पूरा करेगी। इसी कड़ी में डॉ. अनीस बेग ने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कैंट विधानसभा में वाल्मीकि, जाटव, मुस्लिम और सभी वर्गों का जबरदस्त समर्थन समाजवादी पार्टी के साथ है। 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी यहां बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करेगा। प्रत्याशी बनने को लेकर उन्होंने साफ किया कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और जो भी प्रत्याशी होगा उसे जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।

इस अवसर पर पूर्व मेयर डॉ. आई.एस. तोमर, जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप समेत तमाम समाजवादी कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा ने किया।