मुंडाली डकैती कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल

मेरठ के मुंडाली गांव में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। लूटी गई ज्वेलरी, नकदी और हथियार बरामद।

मुंडाली डकैती कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल
HIGHLIGHTS:

➡️ मुंडाली डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा
➡️ मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल
➡️ लूटी गई ज्वेलरी और नकदी बरामद

हशमे आलम । जन माध्यम

मेरठ। थाना मुंडाली क्षेत्र के ग्राम मुंडाली में बीती 20–21 जनवरी की रात हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहे दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, नकदी और आभूषण लूट की इस घटना के बाद से ही अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार देर रात थाना मुंडाली पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके से दबोच लिए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नासिर पुत्र कुर्बान निवासी पीपलेड़ा थाना धौलाना, जनपद हापुड़ और इकदाद पुत्र महबूब निवासी ग्राम नेकपुर थाना मुरादनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से डकैती में लूटी गई ज्वेलरी, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध असलहा बरामद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। डकैती की वारदात में इनकी भूमिका की पुष्टि होने के बाद लगातार दबिश दी जा रही थी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि डकैती की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

फिलहाल थाना मुंडाली पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।