हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला

मेरठ के जिटौली फ्लाईओवर पर चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर जान बचाई, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला
HIGHLIGHTS:

➡️ जिटौली फ्लाईओवर पर चलती कार में लगी भीषण आग
➡️ चालक सलीम ने कूदकर समय रहते बचाई जान
➡️ दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई

हशमे आलम । जन माध्यम

मेरठ। थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में दिल्ली–देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब जिटौली फ्लाईओवर के ऊपर चलती एक कार अचानक आग का गोला बन गई। आग लगते ही कार से धुआं उठने लगा, जिससे कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई।

जानकारी के अनुसार चालक सलीम अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही कार जिटौली फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी अचानक उसमें आग लग गई। हालात भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत चलती कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जलने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ी ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए काफी देर बाद मार्ग को सुचारू कराया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।