डीआईजी अजय कुमार साहनी ने संभाला नवागंतुककार्यभार, बोले- अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
1. एसएसपी अनुराग आर्य ने पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत
Bareilly News: पुलिस महकमे में नेतृत्व परिवर्तन की नई कड़ी में बुधवार नवागंतुक पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने बरेली परिक्षेत्र का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया। उनके आगमन के साथ ही जिले की पुलिस व्यवस्था में एक नई उम्मीद, नई सोच और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था की कल्पना साकार होती नजर आ रही है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी का स्वागत पुलिस लाइन के परिसर में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया। स्वागत समारोह में जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण भी मौजूद रहे और नए डीआईजी से मुलाकात कर उनके नेतृत्व में बेहतर समन्वय और अपराध नियंत्रण की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस स्वागत समारोह में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान सहित अन्य कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नवागंतुक डीआईजी से परिचय प्राप्त किया और उन्हें जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था, प्रमुख चुनौतियों और अपराध पर नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।
डीआईजी अजय कुमार साहनी उत्तर प्रदेश पुलिस के अत्यंत अनुभवी और तेजतर्रार अधिकारियों में शुमार किए जाते हैं। इससे पूर्व वे विभिन्न जिलों की कप्तानी और परिक्षेत्रों में कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने न केवल अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया बल्कि पुलिस-जन संवाद को भी नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। उनकी पहचान एक अनुशासित, पारदर्शी और प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता के रूप में रही है। अब बरेली परिक्षेत्र की कमान उनके हाथ में आने से जिले के नागरिकों और पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।एसएसपी अनुराग आर्य ने स्वागत अवसर पर कहा कि डीआईजी साहनी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में और भी अधिक मजबूती आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि साहनी के अनुभव, रणनीतिक सोच और सख्त प्रशासनिक रवैये से न सिर्फ आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा बल्कि पुलिस महकमे में भी अनुशासन और पारदर्शिता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा,“बरेली परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से निपटने और सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दों पर पहले से अभियान चल रहे हैं। अब डीआईजी साहनी के नेतृत्व में इन अभियानों को और गति मिलेगी।”
कार्यभार संभालते हुए डीआईजी साहनी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखना, महिला और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा माफिया और संगठित अपराध पर लगाम कसना रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन की छवि को बेहतर बनाने और जनता के साथ संवाद को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा“जनता को सुरक्षित माहौल देना ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधी कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम ईमानदार अधिकारियों की एक मजबूत टीम के साथ मिलकर जिले को अपराधमुक्त बनाने का कार्य करेंगे।”