रिछा राइस मिल ओनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष आरिफ़ समेत चार पर मुकदमा दर्ज

रिछा राइस मिल ओनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष आरिफ़ समेत चार पर मुकदमा दर्ज
Photo: मोहम्मद आरिफ
HIGHLIGHTS:

1. मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
2. पांच माह बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
3. मुकदमे में पूर्व चेयरमैन का बेटा भी शामिल

देवरनियां, बरेली। घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिछा राइस मिलर्स ओनर्स के अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ और पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन के पुत्र समेत चार पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

कस्बा रिछा के वार्ड सात निवासी मरहूम मोहम्मद मीकाईल की पत्नी नफीसा बेगम द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है, कि चार नवम्बर 2024 की रात्रि दस बजे उसके दरवाजे पर कुछ लोग उसके पुत्र परवेज आलम को आवाज दे रहे थे, दरवाजा खोला तो कस्बा रिछा के वार्ड 14 निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र अब्दुल खालिक, वार्ड छह निवासी आतिफ तनवीर पुत्र तनवीर अहमद, वार्ड तीन निवासी तय्यब उर्फ नबाब पुत्र बाबू खलीक और वार्ड छह निवासी अब्दुल कासिम उर्फ बब्लू पुत्र सलीम ने घर में घुसकर पीड़िता के पुत्र परवेज आलम को मारा पीटा और बीच-बचाव करने आई नफीसा बेगम को भी गंदी-गंदी गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी गई।

आरोप है कि उस वक्त नफीसा के परिजनों ने मामला सुलझाने की बात कहकर शांत कर दिया था, मगर नफीसा का आरोप है, कि आरोपी लगातार गालियां और जान से मारने की धमकी देते रहे थे।
पीडिता नफीसा का कहना है, कि आरोपियों की तरफ से मिल रही धमकियों से परेशान होकर वह रिपोर्ट लिखाने आई है।
देवरनियां पुलिस ने इस मामले में नफीसा की तहरीर पर पांच माह बाद मोहम्मद आरिफ, आतिफ तनवीर, तय्यब उर्फ नबाब, अब्दुल कासिम‌ उर्फ बब्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।

मोहम्मद आरिफ राइस मिलर्स ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन रिछा के अध्यक्ष हैं, तो आतिफ तनवीर पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन मरहूम‌ बाबू तनवीर अहमद के पुत्र हैं।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा का कहना है, कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर राइस मिलर्स ओनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ का कहना है, कि आरोप निराधार हैं, यह उनकी और पूर्व चेयरमैन पुत्र की छवि धूमिल करने के लिए किया गया है। पुलिस जांच में सब साफ हो जाएगा।