एक फूल की कीमत: 8 साल के बच्चे को नर्सरी मालिक ने दिनभर बांधकर पीटा

एक फूल की कीमत: 8 साल के बच्चे को नर्सरी मालिक ने दिनभर बांधकर पीटा
FILE: SOCIAL MEDIA

बरेली। क्या आपने कभी सोचा है कि एक फूल तोड़ना किसी के लिए काल बन सकता है? शायद नहीं लेकिन बरेली के एक मासूम के लिए यही हकीकत बन गई। सिर्फ एक फूल तोड़ने की गुस्ताखी करने पर आठ साल के आदर्श को सुबह से शाम तक रस्सी से बांधकर रखा गया और उस पर चप्पलों की बरसात होती रही। ये कोई फिल्मी सीन नहीं, बल्कि बरेली के उमरसिया में पुष्पांजलि रोज नर्सरी पर घटी असली घटना है। नर्सरी मालिक रोहित टंडन ने एक निर्दोष बच्चे को सिर्फ इसलिए अमानवीय सजा दी क्योंकि उसने फूल तोड़ लिया था।

यह था पूरा मामला

कांधरपुर गांव के पिंटू शर्मा का बेटा आदर्श मंगलवार सुबह 11 बजे लापता हो गया। घबराए पिता उसे इधर-उधर तलाशते रहे। मगर, कोई सुराग नहीं मिला। शाम करीब 5 बजे कुछ लोगों ने बताया कि नर्सरी मालिक ने उसे बंधक बना रखा है। जब पिंटू नर्सरी पहुंचे तो जो देखा। रस्सी से एक बल्ली से बंधा आदर्श चीख-चीखकर रो रहा था और नर्सरी मालिक उस पर चप्पलें बरसा रहा था। पिता ने बेटे को छुड़ाने की कोशिश की तो रोहित टंडन और उसके बेटे ने उन्हें गाली-गलौज कर धमकाकर बोला अगर ज्यादा बोले, तो बेटे की जान ले लूंगा। इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी वायरल हुआ। जिसमें बच्चा रहम की भीख मांगता दिखा। लेकिन वहशी दिल नरम नहीं पड़ा। इसके बाद पिता ने यूपी 112 पर कॉल किया। पुलिस तुरंत पहुंची और बच्चे को मुक्त कराकर आरोपी को पकड़ लिया। पर हद तो तब हो गई जब अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी का सिर्फ शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया और मामला रफा-दफा कर दिया।