सड़क बदहाली पर ग्रामीणों का जोरदार हंगामा
मेरठ के परतापुर में बदहाल सड़क और जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने बच्चों के साथ कीचड़ में उतरकर प्रदर्शन किया। नगर निगम और मेयर के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
➡️ महीनों से बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
➡️ स्कूली बच्चों के साथ कीचड़ में उतरकर प्रदर्शन
➡️ नगर निगम–मेयर के खिलाफ जमकर नारेबाजी
➡️ सड़क और नाले के निर्माण की मांग
जन माध्यम
परतापुर (मेरठ)। परतापुर क्षेत्र के अच्छरोंडा काशी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार सुबह ग्रामीणों का सब्र टूट गया। महीनों से सड़क पर जलभराव, गंदगी और भरी पड़ी नालियों से परेशान सैकड़ों ग्रामीण स्कूली बच्चों के साथ कीचड़ में उतर आए और नगर निगम, मेयर व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि बच्चों को रोजाना स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना उनकी मजबूरी बन गई है। इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा। वार्ड-10 के पार्षद और डिप्टी मेयर के पुत्र आकाश वाल्मीकि नगर निगम के इंस्पेक्टर के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने साफ कह दिया कि जब तक मेयर हरिकांत अहलूवालिया नगर आयुक्त के साथ मौके पर नहीं आते, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस दौरान स्कूली बच्चे हाथों में पोस्टर लेकर खड़े नजर आए। बच्चों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क और नाले का निर्माण नहीं होगा, तब तक वे स्कूल नहीं जाएंगे और घर से पढ़ाई करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सभी जनप्रतिनिधि सत्ताधारी दल से होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा, जो अधिकारियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
ग्रामीणों ने 2027 के चुनाव में भाजपा के बहिष्कार और इको पार्क का कार्य रुकवाने तक की चेतावनी भी दी। इसी बीच सड़क से गुजर रही नगर निगम की परिवर्तन दल की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया और निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने ऐलान किया कि यदि बुधवार दोपहर 12 बजे तक मेयर और संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। आंदोलन में रोहित राणा, अशोक राणा, सनी सिसोला, भीम पंडित, कुलभूषण राणा, प्रवीण चौधरी, दीपांशु शर्मा, गौरव पाल, यासीन खान, सोबीर घोपला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।