देवरनियां में दहेज कांड विवाहिता की संदिग्ध मौत
बरेली के देवरनियां में विवाहिता फिज़ा की संदिग्ध मौत। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत 8 पर मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी फरार, जांच सीओ बहेड़ी को सौंपी गई।
➡️ देवरनियां में विवाहिता फिज़ा की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप
➡️ पति, सास-ससुर समेत 8 पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
➡️ बाइक और 2 लाख की दहेज मांग ने ली फिज़ा की जान: मायके पक्ष
➡️ सभी आरोपी फरार, सीओ बहेड़ी को जांच सौंपी गई
➡️ पुलिस का दावा: साक्ष्यों के आधार पर जल्द होगी गिरफ्तारी
पति समेत आठ पर दहेज हत्या का मुकदमा, आरोपी फरार जांच सीओ बहेड़ी को सौंपी गई
जन माध्यम
देवरनिया, बरेली। देवरनियां क्षेत्र से एक बार फिर इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गांव इटौआ में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए पति समेत आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जबकि पुलिस ने जांच सीओ बहेड़ी को सौंपी है।
मृतका फिज़ा की शादी 16 मई 2020 को थाना देवरनियां के गांव इटौआ निवासी महबूब शाह के साथ हुई थी। मायके पक्ष के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से बाइक और दो लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई थी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो फिज़ा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे मायके आने से भी रोक दिया जाता था।शनिवार सुबह अचानक ससुराल से खबर आई कि फिज़ा की तबीयत खराब है। जब मायके वाले पहुंचे तो फिज़ा की लाश चारपाई पर पड़ी मिली। गले पर निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उनका आरोप है कि यह कोई बीमारी नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
सूचना पर देवरनियां थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के भाई सलीम की तहरीर पर पति महबूब शाह, उसकी मां रुकसाना, पिता महबूब शाह, भाई वसीम, बहन फरीम, भाभी शबाना, सोनम और जीजा आरिफ सहित आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी घर से फरार हैं।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा किसी निर्दोष को नहीं दी जायेगी सजा, लेकिन किसी दोषी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं आखिर कब तक दहेज की मांग किसी बेटी की जिंदगी निगलती रहेगी?
समाज की ये खामोशी ही सबसे बड़ा अपराध बन चुकी है।