बरेली में इज्जतनगर और बरेली सिटी स्टेशन बने 'अमृत स्टेशन', पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण, जाने क्या होगा खास

बरेली में इज्जतनगर और बरेली सिटी स्टेशन बने 'अमृत स्टेशन', पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण, जाने क्या होगा खास
HIGHLIGHTS:

1. यात्रियों को मिलेंगी वीआईपी सुविधाएं
2. शहर की पहचान बनेगा स्टेशन: सांसद

Bareilly News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के 18 राज्यों में विकसित किए गए 103 अमृत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इनमें बरेली के दो प्रमुख रेलवे स्टेशन जिसमें इज्जतनगर और बरेली सिटी भी शामिल हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में बरेली के दोनों स्टेशनों पर खास आयोजन किए गए। इस दौरान स्टेशन परिसर में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और आम जनता की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया।

नवविकसित अमृत स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें एस्केलेटर, लिफ्ट, अत्याधुनिक वेटिंग रूम, स्वच्छ और स्मार्ट शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, फूड कोर्ट, फ्री वाई-फाई समेत दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच की व्यवस्था शामिल है। कार्यक्रम में शामिल हुए बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार कि उन्होंने बरेली को दो अमृत स्टेशन की सौगात दी। अब ये स्टेशन सिर्फ यात्रा का माध्यम नहीं रहेंगे, बल्कि शहर की नई पहचान बनेंगे। 

वहीं रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी और सुधार का कार्य जारी रहेगा।

लोकार्पण के मौके पर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग सेल्फी लेते नजर आए और स्टेशन की नई रूपरेखा की जमकर तारीफ की। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा समेत रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।