बीएलओ ड्यूटी में बड़ा हादसा शिक्षक की मौत

परधौली में बीएलओ ड्यूटी करते शिक्षक सर्वेश गंगवार (47) की हार्ट अटैक से मौत, सुपरवाइजर मौके से फरार, ग्रामीणों में भारी गुस्सा।

बीएलओ ड्यूटी में बड़ा हादसा शिक्षक की मौत
HIGHLIGHTS:

➡️ ड्यूटी के दौरान बीएलओ सर्वेश गंगवार की हार्ट अटैक से मौत
➡️ परिवार का आरोप: भारी वर्कलोड, कोई छुट्टी-कोई राहत नहीं
➡️ कई गाँव एक साथ, सुबह से रात तक ड्यूटी
➡️ BSA विनता सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंची, गुस्से के बाद लौटीं
➡️ मुआवजा, नौकरी और उच्चस्तरीय जांच की मांग
➡️ शिक्षक बोले: ये पहली नहीं, आने वाली कई मौतों की शुरुआत

हार्ट अटैक से शिक्षक सर्वेश गंगवार का निधन,मौके से फरार सुपरवाइजर पर ग्रामीणों का ग़ुस्सा

जन माध्यम 
बरेली।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीएलओ ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षक की अचानक मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय परधौली में पदस्थ 47 वर्षीय शिक्षक सर्वेश गंगवार को एसआईआर सर्वे के लिए बीएलओ की जिम्मेदारी दी गई थी। ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने और फिर तत्काल मदद न मिल पाने से हुई मौत ने ग्रामीणों और शिक्षकों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सर्वे के दौरान सर्वेश को अचानक बेचैनी महसूस हुई और सीने में तेज दर्द उठा। चंद ही क्षणों में वह जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की हालत बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सुपरवाइजर को उनकी मदद करनी चाहिए थी, लेकिन वह वहां से फरार हो गया। यह व्यवहार ग्रामीणों की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह बना। लोगों का कहना है कि अगर तुरंत चिकित्सा सहायता मिल जाती, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। इज्जतनगर के कर्मचारी नगर निवासी सर्वेश कुमार, पुत्र कृष्णा कुमार, अपने क्षेत्र में एक संजीदा और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में साधन और समय की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार देने में असमर्थता जताई। इसके बाद उन्हें मिनी बाईपास स्थित प्रताप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्राथमिक कारण हृदय गति रुकना बताया गया है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम सदर, एडीएम सिटी, सीएमओ विश्राम सिंह और इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह मौके पर प्रताप अस्पताल पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। चार महीने पहले ही सर्वेश की पत्नी की कैंसर से मौत हुई थी। अब समय से पहले सर्वेश का दुनिया से जाना परिवार पर दोहरी मार है दो बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बीएलओ ड्यूटी के दौरान मौजूद सुपरवाइजर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और उसकी तत्काल गिरफ्तारी तथा कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि संवेदनशील ड्यूटी पर तैनात अधिकारी का मौके से भाग जाना न केवल अमानवीय है बल्कि ड्यूटी की घोर अवहेलना भी है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।यह घटना न केवल सिस्टम पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि क्या ड्यूटी निभाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था वाकई मजबूत है या सिर्फ कागजों में दर्ज है।