820 ग्राम अफीम संग दो तस्कर गिरफ्तार
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने 820 ग्राम अवैध अफीम, दो मोबाइल और एक बाइक सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद माल की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई।
➡️ 820 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो गिरफ्तार
➡️ 20 लाख रुपये कीमत की खेप बरामद
➡️ मोबाइल और बाइक भी पुलिस ने जब्त की
➡️ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
जन माध्यम
बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को 820 ग्राम अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन एवं एक बाइक सहित गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को उ0नि0 वीर सिंह, उ0नि0 प्रवीण गौतम, हे0का0 628 योगेंद्र सिंह एवं का0 नकुल भाटी की टीम आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान चंदनपुर से पहले कब्रिस्तान के पास एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने टार्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात 10:05 बजे दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम लाल सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी लक्ष्मणपुर मजरा रामनगर थाना आंवला, बरेली (30 वर्ष) तथा दीपांशु पुत्र कमल कुमार शर्मा निवासी रामनगर थाना आंवला, बरेली (19 वर्ष) बताए।
तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 820 ग्राम अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 34/26 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत थाना अलीगंज में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने उक्त अफीम एक अज्ञात व्यक्ति से सस्ते दाम पर खरीदी थी और अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना थी। इसी से वे अपना और अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।