तेज रफ्तार कार ने बिजली पोल तोड़ा

बरेली के शाही क्षेत्र में तेज रफ्तार कार बिजली पोल से टकराई, छह लोग घायल। पोल टूटने से 24 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित, चालक मौके से फरार।

तेज रफ्तार कार ने बिजली पोल तोड़ा
HIGHLIGHTS:

➡️ तेज रफ्तार कार ने बिजली पोल में मारी टक्कर
➡️ 24 गांवों की रातभर बिजली रही ठप
➡️ हादसे में छह लोग घायल, चालक फरार
➡️ नया खंभा लगाकर आपूर्ति की गई बहाल

दीनानाथ कश्यप । जन माध्यम
शाही (बरेली)
। क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने मिर्जापुर रोड पर पुलिया के पास बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल टूटकर जमीन पर गिर गया और करीब 24 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जबकि चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार घटना शाही-मिर्जापुर मार्ग पर मिर्जापुर की ओर पुलिया के पास मोड़ की है। बुधवार रात शाही के गांव कुलछा में एक शादी समारोह आयोजित था। थाना मिलक क्षेत्र के गांव नसीराबाद से कुछ लोग किराए की कार से समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 11:30 बजे कार चालक राकेश समारोह से लौटते समय कार को शाही-मिर्जापुर रोड होते हुए अपने गांव मिलक नसीराबाद ले जा रहा था।

कार में प्रेमवती, रामवीर और चार बच्चे सवार थे। शाही पुल से लगभग 300 मीटर आगे मिर्जापुर की ओर पुलिया के पास मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद पोल टूटकर सड़क पर गिर गया और कार खाई में जा गिरी।

हादसे में प्रेमवती और रामवीर को गंभीर चोटें आईं, जबकि बच्चों को मामूली चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार रामपुर की थी, जिसे बुक कर लाया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इधर पोल टूटने से क्षेत्र के लगभग 24 गांवों में अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के तुरंत बाद अवर अभियंता रामदेव वर्मा ने शाही हैंडल से तत्काल बिजली कटवाकर बड़ा हादसा होने से बचा लिया। आधी रात को ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर गिरे तारों को हटवाकर किनारे कराया। गुरुवार को नया पोल मंगवाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।

अवर अभियंता रामदेव वर्मा ने बताया कि नया खंभा लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वाहन के नंबर के आधार पर स्वामित्व की पहचान की जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।