9 सितंबर को बरेली में छात्र न्याय मार्च, सछास ने रखीं 16 सूत्रीय मांगें

समाजवादी छात्र सभा ने 9 सितंबर को बरेली में छात्र न्याय मार्च निकालने का ऐलान किया है। संगठन ने 16 सूत्रीय मांगें रखते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

9 सितंबर को बरेली में छात्र न्याय मार्च, सछास ने रखीं 16 सूत्रीय मांगें
HIGHLIGHTS:

• सछास 9 सितंबर को बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से कलेक्ट्रेट तक छात्र न्याय मार्च निकालेगी।

• संगठन ने छात्रसंघ चुनाव बहाली समेत 16 सूत्रीय मांगें रखी हैं।

• मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को कलेक्ट्रेट से शासन स्तर तक तेज करने की चेतावनी दी गई।

जन माध्यम
बरेली। समाजवादी छात्र सभा ने 9 सितंबर को बरेली में छात्र न्याय आंदोलन का ऐलान किया है। सपा कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह 10:30 बजे बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण छात्र न्याय मार्च निकाला जाएगा।

अविनाश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव पर रोक, 29 हजार प्राथमिक स्कूलों को बंद या मर्ज करने का फैसला, बरेली कॉलेज पर 32 करोड़ रुपये के टैक्स का बोझ, आजाद छात्रावास की स्थिति और लगातार फीस वृद्धि जैसे मुद्दे छात्रों से जुड़े हैं।

महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने छात्रसंघ चुनाव को लोकतंत्र की पहली पाठशाला बताते हुए इसकी बहाली की मांग की और छात्रों से मार्च में शामिल होने की अपील की।

सछास की 16 सूत्रीय मांगों में छात्रसंघ चुनाव बहाली, 29 हजार स्कूलों को बंद करने का फैसला वापस लेना, बरेली कॉलेज का 32 करोड़ रुपये का टैक्स माफ करना, आजाद छात्रावास शुरू करना, फीस वृद्धि वापस लेना, रिक्त पदों पर भर्ती, अग्निवीर योजना रद्द कर स्थायी भर्ती, पेपर लीक पर सख्त कानून, लंबित छात्रवृत्ति जारी करना और यूपीएसआरटीसी में 75 प्रतिशत स्टूडेंट बस पास समेत अन्य मांगें शामिल हैं।

अविनाश मिश्रा ने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को कलेक्ट्रेट से शासन स्तर तक तेज किया जाएगा।