स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ
बरेली के रिछा ब्लॉक स्थित आदर्श कंपोजिट विद्यालय अभयपुर में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ हुआ। बच्चों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया और जागरूकता रैली निकाली गई।
• आदर्श कंपोजिट विद्यालय अभयपुर में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हुई।
• विद्यालय पहुंचे बच्चों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
• रैली निकालकर अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ने का संदेश दिया गया।
जन माध्यम
देवरनियां। बरेली। रिछा ब्लॉक के आदर्श कंपोजिट विद्यालय अभयपुर में बुधवार को सत्र 2026-27 के स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तकी रजा ने फीता काटकर किया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में विद्यालय पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय परिवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए नियमित विद्यालय आने और बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने और उन्हें विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नारे लगाते हुए लोगों से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।