विश्व रोइंग कप में बरेली के उज्ज्वल ने जीता स्वर्ण

बरेली के आंवला निवासी और भारतीय सेना के रोवर उज्ज्वल कुमार सिंह ने विश्व रोइंग कप की लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया।

विश्व रोइंग कप में बरेली के उज्ज्वल ने जीता स्वर्ण
HIGHLIGHTS:

विश्व रोइंग कप में भारत ने पहली बार जीता स्वर्ण पदक।

बरेली के उज्ज्वल कुमार सिंह और साथी लक्ष्य ने रचा इतिहास।

क्षेत्र और खेल जगत में खुशी की लहर, लगातार मिल रहीं बधाइयां।

जन माध्यम 
बरेली/ल्यूसर्न (स्विट्जरलैंड)।
विश्व रोइंग कप में भारत ने पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में बरेली के आंवला तहसील स्थित ग्राम अटरछेड़ी निवासी उज्ज्वल कुमार सिंह और उनके साथी लक्ष्य ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में 6 मिनट 26.09 सेकंड का समय निकालते हुए भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

उज्ज्वल कुमार सिंह स्वर्गीय वीर बहोरन सिंह के सबसे छोटे पुत्र हैं। उनके बड़े भाई रवि कुमार सिंह, सुरजीत सिंह और रंजीत कुमार सिंह हैं। परिवार की देशसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उज्ज्वल भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं और सेना (सर्विसेज) का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

उज्ज्वल की सफलता वर्षों के कठिन अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद 42वीं सीनियर राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वर्ष 2024 में भी उन्होंने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता, जबकि ओलंपिक क्वालिफिकेशन प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विश्व रोइंग कप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद बरेली, उत्तर प्रदेश और पूरे देश में खुशी का माहौल है। खेल जगत, सेना और क्षेत्र के लोगों ने इसे भारतीय रोइंग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उज्ज्वल और उनके साथी लक्ष्य को शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रीय युवा पुरस्कार (भारत सरकार) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी मोहित शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्व रोइंग कप में भारत का पहला स्वर्ण पदक देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उज्ज्वल भविष्य में विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और ओलंपिक में भी भारत का नाम रोशन करेंगे।