दिव्यांग यात्रियों को मिली नई सुविधा
रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए पांच व्हीलचेयर रेलवे प्रशासन को भेंट कीं।
रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ ने पांच व्हीलचेयर रेलवे प्रशासन को सौंपीं।
दिव्यांग यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से सीएसआर पहल के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ।
रेलवे अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहल की सराहना की।
श्याम बिहारी भार्गव/जन माध्यम
आगरा। दिव्यांग यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन को पांच व्हीलचेयर भेंट कीं। सीएसआर गतिविधि के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजन यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है।
कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक संतोष कुमार त्रिपाठी, डीसीपी सिटी आगरा सैयद अली अब्बास तथा रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सहभागिता की। व्हीलचेयर रेलवे प्रशासन को औपचारिक रूप से सौंपते हुए क्लब पदाधिकारियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांग यात्रियों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने रोटरी क्लब की इस पहल को जनसेवा और सामाजिक संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ के अध्यक्ष राज राजन बंसल, सचिव पवन गर्ग, कोषाध्यक्ष एस.पी. कपूर तथा कार्यक्रम संयोजक मुकेश गर्ग सहित अनेक सदस्यों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा डॉ. पी.एन. अस्थाना, एस.सी. जैन, आलोक मुद्गल, एन.के. पांडेय, नरेंद्र बंसल, अक्षय गुप्ता और डॉ. निशा अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंडल वाणिज्य निरीक्षक सियाराम मीना, स्टेशन प्रबंधक प्रमेंद्र, मुख्य प्रचार निरीक्षक मोहन मीना तथा अन्य रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों, विशेषकर दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सामाजिक संगठनों के सहयोग से यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।