पीएम श्री विद्यालय में निकली जागरूकता रैली

बरेली के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जोखनपुर में वन महोत्सव सप्ताह के तहत पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान फेज-2 की शुरुआत की गई।

पीएम श्री विद्यालय में निकली जागरूकता रैली
HIGHLIGHTS:

• पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जोखनपुर में वन महोत्सव सप्ताह के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

• विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

• संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ दिलाई गई और स्कूल चलो अभियान फेज-2 की शुरुआत हुई।

जन माध्यम
रिछा। बरेली। रिछा ब्लॉक के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जोखनपुर में बुधवार को वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरित वातावरण बनाने का संदेश भी दिया गया।

प्रधानाध्यापक मोहम्मद आकिल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांव में रैली निकालकर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। रैली का विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने स्वागत किया।

इसी अवसर पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान का भी शुभारंभ किया गया। शिक्षकों ने ग्रामीणों से संवाद कर बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने और संचारी रोगों से बचाव के लिए साफ-सफाई अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक मोहम्मद आकिल ने सभी को संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।

खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जगदीश कुमार ने विद्यालय के इस जागरूकता अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अबरे जहां, जेबा खान, मोहम्मद शारिक, ममता, पूजा, महफूज आलम सहित विद्यालय परिवार और ग्रामीण मौजूद रहे।