बैंक सखियों ने मानदेय बढ़ाने और सीधे भुगतान की मांग उठाई
बरेली में बैंक सखियों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने, समय से सीधे खातों में भुगतान और स्थायी पद देने की मांग की है।
बैंक सखियों ने मानदेय चार हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने की मांग की।
पिछले एक साल से मानदेय समय पर नहीं मिलने की समस्या बताई।
सीधे खातों में भुगतान और स्थायी पद देने की मांग उठाई।
जन माध्यम
बरेली। विभिन्न बैंक शाखाओं में चार-पांच वर्षों से कार्यरत बैंक सखियों ने मानदेय बढ़ाने और समय से भुगतान की मांग की है। बैंक सखियों का कहना है कि बैंकिंग सेवाओं के साथ क्षेत्र में जागरूकता और ग्राम समूहों से जुड़े कार्य भी किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय मिल रहा है।
बैंक सखियों मुस्कान, रेनु कांत और अनीता ने बताया कि वे सुबह 10 से शाम चार बजे तक बैंकिंग सेवाएं देती हैं। इसके अलावा शुक्रवार और शनिवार को क्षेत्र भ्रमण कर लोगों को जागरूक करने तथा ग्राम समूहों का कार्य भी करती हैं। उनके मुताबिक वर्तमान में उन्हें चार हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता है।
बैंक सखियों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से मानदेय भी समय पर नहीं मिल रहा है। भुगतान के लिए सीएलएफ अध्यक्ष और सचिव से रिपोर्ट पर हस्ताक्षर कराने के बाद ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रक्रिया पूरी होती है। इस प्रक्रिया में कई-कई महीने लगने की बात कही गई है।
उन्होंने मानदेय सीधे खातों में भेजने और स्थायी पद देने की मांग की है। इसके साथ ही मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा नए बैंक खातों पर मिलने वाला इंसेंटिव सुनिश्चित कराने की मांग उठाई।
मांग करने वालों में सुनीता कुमारी, रामबती, दुर्गेश, मुस्कान, क्रांति, अनिता, नीतू, नीरज, मधु, रेनूकांत, केसरबती और कमलेश आदि मौजूद रहीं।