2027 चुनाव लड़ेंगे पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह
वाराणसी के पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। हालांकि सीट और दल को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है, लेकिन उनके बयान से पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।
• पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
• विधानसभा सीट और राजनीतिक दल को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं।
• बदले हुए धार्मिक-सामाजिक अंदाज और सक्रियता को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज।
जन माध्यम
वाराणसी। वाराणसी के पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का सार्वजनिक ऐलान कर पूर्वांचल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि वह किस विधानसभा क्षेत्र से और किस राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद उनके इस ऐलान को आगामी विधानसभा चुनाव की बड़ी राजनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
हाल के दिनों में बृजेश सिंह का बदला हुआ सार्वजनिक स्वरूप भी चर्चा का विषय बना हुआ है। माथे पर चंदन का तिलक, पीली धोती-कुर्ता, पत्नी अन्नपूर्णा सिंह के साथ धार्मिक आयोजनों में सहभागिता और जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय उपस्थिति को राजनीतिक विश्लेषक उनकी नई जनसंपर्क रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि बृजेश सिंह अपने परिवार की राजनीतिक भूमिका को भी मजबूत करने में जुटे हैं। उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह को जौनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों की राजनीतिक सक्रियता को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
पूर्वांचल की राजनीति में सबसे अधिक अटकलें गाजीपुर की जमानिया विधानसभा सीट को लेकर लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि इस सीट से उनका पारिवारिक जुड़ाव है। वहीं वाराणसी शहर की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना भी राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनी हुई है।
यदि बृजेश सिंह जमानिया से चुनाव मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है। इस क्षेत्र में अंसारी परिवार का प्रभाव माना जाता है और ऐसे में संभावित चुनावी मुकाबले पर प्रदेश की राजनीति की भी नजर रहेगी।
फिलहाल बृजेश सिंह ने केवल चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सीट और दल को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन उनके इस कदम ने पूर्वांचल की राजनीतिक सरगर्मियां जरूर बढ़ा दी हैं।