ऑपरेशन अमानत में लौटाया लाखों का सामान

आगरा मंडल में आरपीएफ के 'ऑपरेशन अमानत' अभियान के तहत अप्रैल से जून 2026 के बीच यात्रियों का करीब 14.84 लाख रुपये मूल्य का 134 खोया सामान सुरक्षित वापस किया गया।

ऑपरेशन अमानत में लौटाया लाखों का सामान
HIGHLIGHTS:

• ऑपरेशन अमानत के तहत तीन माह में 134 खोया सामान यात्रियों को लौटाया गया।

• बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 14.84 लाख रुपये आंकी गई।

• आरपीएफ ने यात्रियों से सामान छूटने पर हेल्पलाइन 139 पर सूचना देने की अपील की।

जन माध्यम
आगरा।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन अमानत" अभियान के तहत आगरा मंडल में अप्रैल से जून 2026 के बीच यात्रियों का खोया हुआ लाखों रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित उनके सुपुर्द किया गया। रेल प्रशासन ने इसे यात्रियों की सुरक्षा और विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान आगरा मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों से बरामद 134 सामानों को पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित यात्रियों को सौंप दिया गया। बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य करीब 14 लाख 84 हजार 174 रुपये बताया गया है।

अभियान के दौरान बैग, मोबाइल फोन, लैपटॉप, पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान बरामद किए गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ की सतर्कता एवं ईमानदार कार्यशैली के कारण खोई हुई वस्तुएं सुरक्षित संरक्षित रखी गईं और उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाई जा सकीं।

रेल प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक स्टेशन पर आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ नियमित निगरानी रखता है। बरामद सामान की जानकारी समय-समय पर रेलवे की वेबसाइट और सोशल मीडिया माध्यमों पर भी साझा की जाती है, जिससे यात्रियों को अपने सामान की पहचान करने में सुविधा मिलती है।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखने तथा कोई सामान छूट जाने पर तत्काल निकटतम रेलवे स्टेशन, रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे जनसेवा अभियान जारी रहेंगे।