तहसील दिवस में गूंजा गन्ना भुगतान मुद्दा
बहेड़ी तहसील दिवस में गन्ना भुगतान, भवन कर, पेयजल और अवैध निर्माण समेत विभिन्न मुद्दे उठे। डीएम और एसपी ग्रामीण ने 75 शिकायतें सुनीं, जिनमें 11 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील दिवस में कुल 75 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण।
किसानों ने गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
भवन कर, पेयजल समस्या और तालाब पर कथित अवैध निर्माण की शिकायतें भी पहुंचीं।
मुम्ताज अली/जन माध्यम
बहेड़ी/बरेली।तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र ने जनसामान्य की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
तहसील दिवस में किसानों ने गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया।
पूर्व पालिका अध्यक्ष पति नसीम अहमद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर नगर पालिका परिषद में अधिक भवन कर वसूले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने पंजाबी कॉलोनी पावर हाउस के सामने कथित अवैध दुकानों के निर्माण, नगर में पेयजल पाइपलाइन लीकेज और दूषित जलापूर्ति की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि जलकल अभियंता की तैनाती न होने से नागरिक समस्याओं का समाधान प्रभावित हो रहा है।
वहीं अरुण कुमार ने टीका के तालाब गाटा संख्या 200/3 पर कथित अवैध निर्माण का मामला उठाया। शिकायत में कहा गया कि तालाब नगर पालिका की संपत्ति है, लेकिन उस पर कब्जा कर निर्माण कराया गया है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं भी सुनी गईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषक दुर्घटना योजना के पात्र लाभार्थियों को सहायता अनुदान राशि के डेमो चेक वितरित किए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से महिलाओं को फल की टोकरियां देकर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम इशिता किशोर, सीओ अरुण कुमार, सीएमओ विश्राम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी रामगोपाल वर्मा, मुख्य सेविका राजकुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।