सट्टा मेले में किसानों को सर्वे-सट्टे की त्रुटियां सुधारने का मौका
पीलीभीत में सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ हुआ। किसानों को सर्वे-सट्टे की त्रुटियां दुरुस्त कराने और नए सदस्य बनने की सुविधा दी गई।
सहकारी गन्ना विकास समिति पीलीभीत में समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ हुआ।
किसानों को सर्वे-सट्टे की जानकारी जांचने और त्रुटियां समय रहते दुरुस्त कराने की सुविधा दी गई।
उत्कृष्ट गन्ना उत्पादन और ड्रिप सिंचाई व पोषण प्रबंधन के लिए किसानों को सम्मानित किया गया।
जन माध्यम
पीलीभीत। सहकारी गन्ना विकास समिति पीलीभीत में शुक्रवार को समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें संजय सिंह गंगवार ने किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चीनी मिलों के संचालन से पहले अपने सर्वे-सट्टे का परीक्षण करने और किसी भी त्रुटि को समय रहते दुरुस्त कराने की अपील की।
किसानों के लिए लगाए गए काउंटर
राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मेले में सर्वे-सट्टे से जुड़ी जानकारी देखने और उसमें संशोधन कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नए सदस्य बनाने तथा उपज बढ़ोतरी की रसीद काटने के लिए भी अलग काउंटर लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 95 प्रतिशत से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है। किसानों से सट्टे से संबंधित विवरण की जांच कर आवश्यक संशोधन समय रहते कराने को कहा गया, ताकि गन्ना आपूर्ति के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
उत्कृष्ट किसानों का सम्मान
रेंज गन्ना प्रतियोगिता में सर्वाधिक पेड़ी उत्पादन करने वाले किसान राम सरन को प्रमाण-पत्र और शाल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा ड्रिप सिंचाई और पोषण प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह किसानों को भी सम्मानित किया गया।