सलाम नहीं किया तो चाकू से हमला
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने सलाम न करने की रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
➡️ सलाम न करने पर हमला
➡️ बीच सड़क वारदात
➡️ चाकू से गंभीर चोट
➡️ मुख्य आरोपी गिरफ्तार
➡️ दबंगई पर पुलिस सख्त
जन माध्यम
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में दबंगई की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान के बेटे आफताब ने केवल इस बात पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया कि वह उसे और उसके पिता को सलाम नहीं करता था। मंगलवार को हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आफताब को यह बात लंबे समय से नागवार गुजर रही थी कि पीड़ित युवक उसे सम्मान नहीं देता। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को बीच सड़क पर रोक लिया। पहले गाली गलौज की गई, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद किसी तरह जान बचाकर पीड़ित युवक थाने पहुंचा और पूरी घटना की तहरीर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी आफताब को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया नाजायज चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आफताब इलाके में दबंग प्रवृत्ति का है और उसने अपने मोहल्ले के कुछ युवकों की टोली बना रखी थी। वह खुद को इलाके का सरदार समझकर लोगों पर रौब जमाता था और छोटी छोटी बातों पर विवाद करता रहता था। घटना में उसका साथ देने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सहायक भूमिका पाए जाने पर उन्हें कोर्ट के आदेश से भारी मुचलके पर पाबंद किया गया है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।