बरेली: पुलिस पर निर्दोष युवक को थर्ड डिग्री देने और झूठे केस में फंसाने का आरोप, SSP से शिकायत

बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। एक महिला ने सैटेलाइट चौकी प्रभारी पर अपने बेटे को बेरहमी से पीटने और स्मैक तस्करी के झूठे मुकदमे में जेल भेजने का आरोप लगाते हुए SSP से न्याय की गुहार लगाई है।

बरेली: पुलिस पर निर्दोष युवक को थर्ड डिग्री देने और झूठे केस में फंसाने का आरोप, SSP से शिकायत
एस.एस.पी. ऑफिस पर पुलिस के खिलाफ शिकायत करने पहुंचीं पीड़िता मुन्नी देवी, समाज सेवी रितु शाक्य और क्षेत्रीय महिलाएं।
HIGHLIGHTS:

सतीपुर निवासी रंजीत मौर्य को स्मैक तस्करी के आरोप में भेजा गया जेल।

परिजनों का आरोप- गाली-गलौज का विरोध करने पर पुलिस ने रंजीत को चौकी में बेरहमी से पीटा।

गंभीर हालत में रंजीत जिला कारागार के अस्पताल में भर्ती, निष्पक्ष जांच की मांग।

जन माध्यम न्यूज डेस्क

बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के सतीपुर चौराहे की एक महिला ने सैटेलाइट चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसके निर्दोष बेटे को न केवल बेरहमी से पीटा (थर्ड डिग्री), बल्कि उसे स्मैक तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया।

समाज सेवी रितु शाक्य और पीड़ित मुन्नी देवी के अनुसार, रंजीत मौर्य 19 अप्रैल की शाम सब्जी लेने सतीपुर चौराहे गया था। आरोप है कि वहां चौकी प्रभारी सैटेलाइट उनके एक परिचित से अभद्रता कर रहे थे। जब रंजीत ने पुलिस की गाली-गलौज का विरोध किया, तो पुलिसकर्मी उस पर भड़क गए और उसे जबरन चौकी ले गए।

परिजनों का आरोप है कि चौकी पर रंजीत के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसे बुरी तरह पीटा गया। बाद में पुलिस ने उसे एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत स्मैक बेचने के झूठे मामले में फंसाकर जेल भेज दिया। परिजनों का दावा है कि पुलिस की पिटाई से रंजीत की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे जिला कारागार के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पीड़ित मां मुन्नी देवी ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने रंजीत को उचित उपचार दिलाने और न्याय की अपील की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस के उच्च अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।