दहेज हत्या की भेंट चढ़ी आलिया, दस दिन बाद मुकदमा दर्ज
देवरनियां में विवाहिता आलिया की संदिग्ध मौत के दस दिन बाद उसकी मां ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर पति समेत 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
आलिया की संदिग्ध मौत के दस दिन बाद मां ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पति साजिद समेत 17 लोगों को नामजद किया गया।
मां ने 25 लाख रुपये दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
जन माध्यम
देवरनियां, बरेली। दस दिन पूर्व देवरनियां में विवाहिता आलिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतका की मां ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए उसके पति समेत 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी आलिया ने करीब तीन माह पूर्व थाना और कस्बा देवरनियां के मोहल्ला हिसामुद्धीन, वार्ड 13 निवासी नन्हे मिस्त्री के पुत्र साजिद से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद वह देवरनियां स्थित ससुराल में रह रही थी। बीती 29 अगस्त की रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष की ओर से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मृतका की मां मेमुना शव को इंदौर ले गई थीं।
दस दिन बाद मेमुना ने देवरनियां पुलिस को तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष आलिया को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था, उसे खाना नहीं देता था और दहेज में 25 लाख रुपये की मांग की जाती थी। मां ने ससुरालियों पर रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया। उनका यह भी आरोप है कि आलिया ने मौत से पहले अपनी मां को अपने साथ हो रहे कथित अत्याचारों की जानकारी दी थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति साजिद, सास मेहताब बी, ससुर नन्हे मिस्त्री, जेठ आरिफ खान, जेठानी रूकसाना, ननद सजदा, शाहीन, शिब्बो, रानी, नंदोई मोहसिन, अनीस, कमाल, खाला देवरनियां निवासी नबाब मियां, अफफान, मनाहिल और किरायेदार आसिफ के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी बहेड़ी द्वारा की जाएगी।