गणतंत्र दिवस की धूम, विभिन्न कार्यक्रमों में उमड़ा देशभक्ति का जोश
बरेली। 76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न सामाजिक, राजनैतिक और शैक्षणिक संस्थानों में आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बार एसोसिएशन में ध्वजारोहण और अधिवक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा
बरेली बार एसोसिएशन में अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और जिला जज सुधीर कुमार ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में जिला जज ने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। बार अध्यक्ष मनोज कुमार हरित ने अधिवक्ताओं के हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब आजीवन सदस्यता शुल्क 5100 रुपए से घटाकर मात्र 2600 रुपए कर दिया गया है, जिसमें 2500 रुपए का सहयोग बार एसोसिएशन द्वारा दिया जाएगा। समारोह में सचिव वी.पी. ध्यानी सहित कई पदाधिकारियों ने न्यायिक अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष शिरीष कुमार मेहरोत्रा, शेर सिंह, अनुपम अग्रवाल, नसीम सैफी, रोहित कुमार यादव, गायत्री, प्रेरणा मौर्य, अमित कुमार, राधा कमल सारस्वत, राजेश यादव समेत बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
देशभक्ति गीतों और कविताओं से गूंजा शहर
कोतवाली गेट पर एडीजी रमित शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में देशभर से आये कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और कविताओं ने समां बांध दिया। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने इस कार्यक्रम का आनंद लिया।
नगर निगम और प्रेस क्लब में भी हुआ भव्य आयोजन
उपजा प्रेस क्लब में अध्यक्ष डॉ. पवन सक्सेना ने ध्वजारोहण किया। वहीं नगर निगम में महापौर डॉ. उमेश गौतम ने तिरंगा फहराकर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
संजय कम्युनिटी हॉल में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें देशभक्ति गीत, लोकगीत, नृत्य और नाटकों का मंचन किया गया। इस आयोजन ने लोगों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
वहीं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।