गणतंत्र दिवस समारोह: पुलिस लाइन में दिखी देशभक्ति की अनूठी झलक

गणतंत्र दिवस समारोह: पुलिस लाइन में दिखी देशभक्ति की अनूठी झलक

बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन में 76 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह रहे। उन्होंने आईजी डॉ. राकेश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य के साथ खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। परेड में नागरिक पुलिस, यातायात पुलिस, एसओजी पुलिस टीम, फायर बिग्रेड पुलिस, रेडियो शाखा, कैमोफ्लाइज टीम, एफएसएल टीम, डॉग स्कॉड, यूपी 112 और पुलिस पेंशनर्स जैसी टीमों ने मार्च पास्ट किया और सलामी दी।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि देश 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हम विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं और उत्तर प्रदेश उत्तम और उद्यम प्रदेश बनने की दिशा में अग्रसर है।
वहीं इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ जग प्रवेश, एसपी सिटी मानुष पारीक, सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी, उनके परिवार और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य अतिथियों ने भी भाग लिया।

स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों की प्रस्तुति ने मोहा मन

गणतंत्र दिवस पर राम भरोसे गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, भजन गायिका अंजलि द्विवेदी ने अपने गीत "विश्व गुरु बने भारत" से सभी का दिल जीत लिया।
पुलिसकर्मी ऋषभ ने "जब जीरो दिया मेरे भारत ने" गीत गाकर समां बांधा, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी ने "संदेशे आते हैं" गाकर समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

हर वर्ग की भागीदारी ने बनाया समारोह को खास

इस बार परेड में व्यापारियों, डॉक्टरों और प्रबुद्ध वर्ग के नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे गणतंत्र दिवस समारोह को और व्यापक स्वरूप मिला।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री धर्मपाल सिंह ने एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य की उपस्थिति में उपस्थित सभी लोगों को संविधान में उल्लिखित संकल्प की शपथ दिलाई।