पटरी से उतरी मालगाड़ी की चार बोगियां, पटरी छतिग्रस्त
1. इफ्को जा रही थी मालगाड़ी
बरेली। बिशारतगंज से इफको आंवला को जाने वाली रेल लाइन पर शुक्रवार देर रात दरमियानी रात एक मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में मालगाड़ी के चार वैगन पटरी से उतर गए। हालांकि यह दुर्घटना जिस रेल लाइन पर हुई, वह केवल इफको फैक्ट्री के अंदर सामान ढुलाई के लिए इस्तेमाल होती है। इसलिए इस हादसे से मुख्य रेल यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए मालगाड़ी के लोको पायलट जितेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने 2 बजकर 14 मिनट पर बिशारतगंज स्टेशन से मालगाड़ी को रवाना किया था। करीब 2:35 बजे जब वह इफको के भीतर ट्रेन ले जाने के लिए पहुंचे, तो उन्हें यह अहसास हुआ कि मालगाड़ी पटरी से उतर गई है। तुरंत उन्होंने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और ट्रेन से उतर कर देखा तो पाया कि मालगाड़ी के चार वैगन इंजन से अलग हो गए थे।
इसके बाद इफको फैक्ट्री में खाद लोडिंग के लिए आई इस मालगाड़ी के दसवें, ग्यारहवें, बारहवें और तेरहवें वैगन अलग-अलग हो गए थे। हालांकि इस दुर्घटना से स्थानीय रेल यातायात पर कोई बड़ा असर नहीं हुआ क्योंकि यह रेल मार्ग सिर्फ इफको फैक्ट्री के भीतर सामान ढुलाई के लिए इस्तेमाल होता है।
सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीआरएम मुरादाबाद पारितोष गौतम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। रेल अधिकारियों ने इस मामले में एक संयुक्त रिपोर्ट तैयार की है, जो मुरादाबाद भेजी जाएगी।
वहीं इस दुर्घटना के कारण सात से आठ किलोमीटर लंबे इस प्राइवेट साइडिंग पर पेंड्रोल क्लिप टूटने की वजह से करीब छह किलोमीटर तक रेल पटरी और स्लीपर को नुकसान हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने और मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद रेल मार्ग को फिर से बहाल किया जाएगा।