जश्न के पीछे का अंधेरा

बरेली के माई बार हेडक्वार्टर में क्रिसमस पार्टी के दौरान युवती पर शराब की बोतलों से हमला, कई आरोपियों पर गंभीर मुकदमा दर्ज।

जश्न के पीछे का अंधेरा
HIGHLIGHTS:

➡️ क्रिसमस पार्टी के दौरान माई बार हेडक्वार्टर में बवाल
➡️ शराब और तेज डीजे के बीच युवती पर हमला
➡️ बोतलों से सिर पर ताबड़तोड़ वार
➡️ महक गुप्ता गंभीर रूप से घायल
➡️ पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
➡️ एसएसपी ने शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए
➡️ सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच
➡️ नियम उल्लंघन पर बार का लाइसेंस रद्द होने की संभावना

जन माध्यम। बरेली।

शहर के सेटेलाइट चौराहे के पास पीलीभीत बाईपास रोड स्थित माई बार हेडक्वार्टर में क्रिसमस पार्टी के दौरान हुई मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बार में शराब और तेज डीजे के बीच युवती पर बोतल से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता महक गुप्ता, निवासी आशुतोष सिटी ने बारादरी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि पार्टी के दौरान राइस मिल मालिक की बेटी सलोनी पटेल, उसके बॉयफ्रेंड रोनित श्रीवास्तव और उनके साथियों ने अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने शराब की बोतलों से युवती के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के बाद घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने महक गुप्ता की शिकायत पर रोनित श्रीवास्तव, सलोनी पटेल, ध्रुव राय, अमन राय और चिराग गुप्ता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बार के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि रात एक बजे के बाद तक बार में शराब परोसी जा रही थी और डीजे बज रहा था। नियमों के उल्लंघन को लेकर आबकारी विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है, और दोष पाए जाने पर बार का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।