मुकेश हत्याकांड: पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, परिजनों ने की शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
सैंथल में मुकेश मौर्य हत्याकांड के बाद सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन और संगठन नाराज, आंदोलन की चेतावनी।
➡️ पांच दिसंबर को सैंथल में मुकेश मौर्य की हत्या
➡️ सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं
➡️ परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल
➡️ विहिप प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से की मुलाकात
➡️ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
सरफराज़ खान/ जन माध्यम
सैंथल। क्षेत्र में पांच दिसंबर को हुए मुकेश मौर्य हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से परिजन पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। परिवार ने थाना हाफिजगंज पुलिस से शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।
मृतक के परिजनों से आज विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष बाबूराम गंगवार अन्य पदाधिकारियों के साथ मिले और उनकी पीड़ा सुनी। इसके बाद विहिप का प्रतिनिधिमंडल थाना हाफिजगंज पहुंचा, जहां थाना प्रभारी से मुलाकात कर नामजद सभी छह अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी गई। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
गौरतलब है कि मृतक मुकेश मौर्य कस्बा सैंथल के मोहल्ला चौधरी निवासी रामप्रसाद मौर्य का पुत्र था। पांच दिसंबर की शाम वह घर से मेला देखने की बात कहकर निकला था, लेकिन अगली सुबह उसका शव गेहूं के खेत में बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार, मुकेश की पीठ पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या की गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
परिवार ने इस हत्याकांड में छह लोगों को नामजद कराया था। पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि शेष चार अभियुक्त अभी भी फरार हैं। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उन्हें न्याय मिलने में देरी होगी। वहीं, पुलिस का दावा है कि फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।