देवरनियां को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग
1. सांसद छत्रपाल गंगवार के सामने चेयरमैन ने रखी मांग
2. बंद पडी पानी की टंकी को चालू कराने और कार्यालय निर्माण को भी रखा गया
देवरनियां, बरेली। विकास में निरंतर बढ़ रही नगर पंचायत देवरनियां को आदर्श नगर पंचायत की जरूरत महसूस होने लगी है। शनिवार को नगर पंचायत देवरनियां बोर्ड की काफी अरसे बाद हुई बैठक में आए बरेली लोकसभा क्षेत्र के सांसद छत्रपाल गंगवार के सामने इस बात को रखा गया।
नगर पंचायत कार्यालय पर आयोजित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि लोकसभा क्षेत्र बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार भी शामिल हुए। ऐसा पहली बार हुआ है,कि बोर्ड बैठक में कोई सांसद शामिल हुआ है। नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी, अधिशासी अधिकारी (ईओ) अंकित गंगवार और चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद अजीम उर्फ टीटू के अलावा अन्य सभासदों ने सांसद का स्वागत किया।
बैठक में कई बिन्दुओं पर चर्चा हुई जिसमें सबसे प्रमुख वर्षों से बंद पड़ी पुरानी पानी की टंकी को चालू कराना शामिल रहा। इसके साथ ही चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद अजीम उर्फ टीटू ने नगर पंचायत कार्यालय निर्माण की मांग रखी। सांसद ने इस दिशा में प्रयास कर काम कराने का भरोसा दिया। इसके अलावा नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने तीन प्रमुख कस्बों देवरनियां, मुंडिया जागीर और सेमीखेडा को मिलाकर बनी नगर पंचायत देवरनियां लो आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने की मांग रखी, चेयरमैन ने बताया कि सांसद ने पूरा भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि आज तक देवरनियां को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि किसी ने इस दिशा में प्रयास ही नहीं किया है। चेयरमैन ने कहा आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिल जाने पर देवरनियां में विकास की और ब्यार वहेगी। सांसद ने चेयरमैन, चेयरमैन प्रतिनिधि समेत अन्य के साथ पुराने जर्जर हो चुके नगर पंचायत कार्यालय का मुआयना भी किया।
बैठक में जल निकासी की समस्या को जल्द दूर कराने को कहा गया। बैठक में सभासद कमलेश कुमार, अमित गंगवार, रघुवीर सिंह, तहसीन बेग, मोहम्मद जीशान,असमुद्धीन आदि मौजूद रहे।