बीएलओ और सुपरवाइजरों को एसआईआर पर प्रशिक्षण
मीरगंज में बीएलओ और सुपरवाइजरों को एसआईआर के तहत मतदाता सूची की विसंगतियों के निस्तारण का प्रशिक्षण दिया गया। 27 फरवरी तक सभी मामलों के समाधान के निर्देश दिए गए।
➡️ बीएलओ व सुपरवाइजरों को एसआईआर पर प्रशिक्षण
➡️ मतदाता सूची में 5 तरह की विसंगतियां चिन्हित
➡️ 12 हजार से अधिक मामलों में गलत मैपिंग
करण पाल सिंह । जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। मीरगंज तहसील सभागार में बुधवार 4 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता उपजिला अधिकारी आलोक कुमार ने की।
उपजिला अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि गणना पत्रों की फीडिंग के दौरान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग की गई है। इस प्रक्रिया में आयोग की साइट पर पांच प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं। इनमें 12,202 मामलों में एक ही मतदाता से 6 से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पाई गई है। 24,083 मामलों में वर्ष 2003 एवं वर्ष 2025 की मतदाता सूची में पिता के नाम में त्रुटि पाई गई।
इसी प्रकार 7,190 मामलों में अभिभावक और मतदाता की आयु में मात्र 15 वर्ष से कम का अंतर पाया गया, जबकि 3,907 मामलों में यह अंतर 50 वर्ष से अधिक है। इसके अतिरिक्त 1,681 मामलों में दादा-दादी एवं मतदाता की आयु में 40 वर्ष से कम का अंतर दर्ज किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस भेजकर बीएलओ द्वारा साक्ष्य प्राप्त किए जाएं और उन्हें ऐप पर अपलोड किया जाए। साथ ही मतदाताओं के फोटो और हस्ताक्षर लेते हुए दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। इस समस्त कार्य को 27 फरवरी तक अंतिम रूप देना अनिवार्य है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि फार्म 6, 7 और 8 की प्राप्ति एवं फीडिंग की अंतिम तिथि निकट है, इसलिए सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त फार्म 6, 7, 8 को तत्काल फीड कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, राजस्व निरीक्षक नन्हेंलाल, बीआरसी गिरजा शंकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।