बरेली क्लब भगदड़ मामले में कांग्रेस ने मांगा न्याय

बरेली क्लब मैदान में रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में महिला की मौत के मामले में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मिलकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।v

बरेली क्लब भगदड़ मामले में कांग्रेस ने मांगा न्याय
HIGHLIGHTS:

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भगदड़ मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस नेताओं ने मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता और निष्पक्ष जांच की मांग की।

कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

जन माध्यम
बरेली। बरेली
क्लब मैदान में रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में एक महिला की मौत के मामले में रविवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल बरेली पहुंचा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य रामपुर गार्डन स्थित पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. के.बी. त्रिपाठी के कैंप कार्यालय से पीड़ित महिला के घर पहुंचे और मृतका के पति भगवान सिंह फौजी से मुलाकात की।

संजय कपूर ने कहा कि कांग्रेस मानवता के नाते पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तैयार है।

इसके बाद डॉ. के.बी. त्रिपाठी के कैंप कार्यालय में प्रेस वार्ता हुई। संजय कपूर ने कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मैदान की क्षमता से अधिक भीड़ जुटाई गई, जबकि क्षेत्र में धारा 144 लागू थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।

कांग्रेस नेताओं ने मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता, मामले की निष्पक्ष जांच और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रेस वार्ता में डॉ. के.बी. त्रिपाठी, मिर्जा अशफाक सकलैनी, दिनेश दद्दा एडवोकेट, नरेंद्र पाल गंगवार, राज शर्मा, जिया उर रहमान, मुजामिल रजा खान एडवोकेट समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।