शाही रोड पर बड़ा हादसा टला

शाही–फतेहगंज पश्चिमी रोड पर कोहरे और फिसलन के कारण स्कूल बस व पिकअप की टक्कर हो गई। बस में बच्चे न होने से बड़ा हादसा टल गया।

शाही रोड पर बड़ा हादसा टला
HIGHLIGHTS:

➡️ शाही–फतेहगंज पश्चिमी रोड पर हादसा
➡️ स्कूल बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर
➡️ दोनों वाहनों के चालक घायल
➡️ बस में बच्चे न होने से टली बड़ी अनहोनी

जन माध्यम
शाही (बरेली)।
शनिवार सुबह शाही–फतेहगंज पश्चिमी रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घने कोहरे और सड़क पर फिसलन के चलते स्कूल बस और पिकअप कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बरेली भेजा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय स्कूल बस में कोई बच्चा सवार नहीं था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब आठ बजे क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था। साथ ही सड़कों पर कच्ची मिट्टी और ईंटों के अवशेष होने से फिसलन बनी हुई थी। इसी दौरान शाही की ओर से एक स्कूल बस बरेली जा रही थी, जबकि बरेली की ओर से एक पिकअप वाहन शाही की तरफ आ रहा था। लमकन गांव के भट्टे के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में पिकअप चालक इसरत निवासी तिलियापुर, थाना सीबीगंज तथा बस चालक निवासी गांव कुरतरा, थाना फतेहगंज पश्चिमी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी वाहन से इलाज के लिए बरेली भेजा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना का मुख्य कारण भट्टों से कच्ची ईंट ढोने वाले वाहनों द्वारा सड़क पर ईंटों के टुकड़े फेंक देना है। रात में कोहरे और नमी के कारण ये टुकड़े गीले हो जाते हैं, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो जाती है। शनिवार को भी इसी कारण दोनों वाहन फिसलकर टकरा गए।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।