मीरगंज के तालाब में मिला अधेड़ का शव

बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गुगई गांव में तालाब में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बदायूं के बिसौली निवासी नरेश के रूप में हुई।

मीरगंज के तालाब में मिला अधेड़ का शव
मीरगंज के तालाब में मिला अधेड़ का शव
HIGHLIGHTS:

गुगई गांव के तालाब में अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान बदायूं के बिसौली निवासी 50 वर्षीय नरेश के रूप में हुई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मौत के कारणों की जांच जारी।44

जन माध्यम
मीरगंज /बरेली
। थाना क्षेत्र के गुगई गांव में शनिवार शाम एक तालाब में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान बदायूं जिले के बिसौली के मोहल्ला कटरा निवासी 50 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार नरेश 27 अगस्त को गुगई गांव स्थित अपनी बहन रामबेटी के घर आया था। उस समय रामबेटी किसी काम से बिसौली गई हुई थीं। घर पर मौजूद भांजे राहुल ने उन्हें मां के बिसौली जाने की जानकारी दी, जिसके बाद नरेश वापस लौटने की बात कहकर वहां से निकल गए। इसके बाद वह अपने घर नहीं पहुंचे।

शनिवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने तालाब में एक शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिससे परिवार में शोक व्याप्त हो गया।

परिजनों के अनुसार उन्हें जानकारी नहीं है कि नरेश तालाब तक कैसे पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।