रेलवे यार्ड में किशोरी से दरिंदगी, हालत गंभीर, आरोपी की तलाश जारी
1. परिवार के साथ ट्रेन से घर वापस लौट रही थी किशोरी
2. सूचना पर पहुंचे एसपी जीआरपी, रात 2 बजे तक चला सर्च अभियान
बरेली। शहर के सिटी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे यार्ड में 14 साल की नाबालिग के साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार रात करीब 8:45 बजे कासगंज पैसेंजर ट्रेन से अपने परिवार के साथ घर लौट रही नाबालिग के साथ यह वारदात हुई। घटना के बाद खून से लथपथ नाबालिग आरपीएफ के पास पहुंची। उसे तुरंत जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में रातभर सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक एटा की रहने वाली नाबालिग अपने पिता, मौसी और मौसेरे भाई के साथ उत्तराखंड के टनकपुर में पूर्णागिरि मंदिर दर्शन के लिए गई थी। गुरुवार रात सभी लोग कासगंज पैसेंजर ट्रेन से घर लौट रहे थे। ट्रेन जब सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो नाबालिग के पिता कुछ सामान लेने के लिए उतरे। ट्रेन चल पड़ी तो चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। यह देखकर नाबालिग का मौसेरा भाई भी ट्रेन से उतर गया। नाबालिग और उसकी मौसी ट्रेन में ही थीं। जब कोच में पिता और भाई नहीं दिखे तो नाबालिग परेशान हो गई। स्टेशन के आउटर पर ट्रेन धीमी होने पर वह ट्रेन से कूद गई और अपने पिता को ढूंढने स्टेशन की ओर दौड़ पड़ी।
नाबालिग ने आरपीएफ को बताया कि ट्रेन से उतरने के बाद वह स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे यार्ड के पास एक युवक ने उसे पकड़ लिया। उसका मुंह दबाकर उसे झाड़ियों में ले गया और उसके साथ रेप किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ नाबालिग किसी तरह आरपीएफ के पास पहुंची। आरपीएफ ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने उसे जिला महिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से देर रात 1 बजे उसे एसआरएमएस रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही मुरादाबाद से पहुंचे एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने नाबालिग से पूछताछ की। नाबालिग की हालत में सुधार होने पर उसने आरोपी के हुलिए की जानकारी दी। जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वीडियो बनाया, जिसे पीड़िता ने देखकर घटनास्थल की पुष्टि की। मौके पर खून के निशान मिले, जिनके सैंपल फोरेंसिक टीम ने लिए। एसपी शुक्ला ने रात 1 बजे जीआरपी की टीम के साथ सिटी स्टेशन पर कांबिंग शुरू की। मढ़ीनाथ के पुल और रेलवे लाइन के किनारे रात 2 बजे तक सर्च अभियान चला। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मगर, आरोपी का अभी तक पता नहीं चल सका।नाबालिग के पिता और मौसेरे भाई स्टेशन पर ही थे। मगर, घटना के वक्त उनकी बेटी के साथ हुई इस वारदात की उन्हें भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने परिवार को सूचना दी और मामले की जांच तेज कर दी है।
"पीड़िता ने घटनास्थल और आरोपी के हुलिए की जानकारी दी है। सीसीटीवी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
आशुतोष शुक्ला, एसपी जीआरपी।