जब वर्दी बोझ नहीं,भरोसा बन जाए

बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य की कार्यशैली ने पुलिस और जनता के बीच भरोसे की दीवार खड़ी की है। इंसानियत, जवाबदेही और संवेदनशील नेतृत्व से वर्दी का अर्थ बदला है।

जब वर्दी बोझ नहीं,भरोसा बन जाए
HIGHLIGHTS:

➡️ एसएसपी अनुराग आर्य की मानवीय और सख्त कार्यशैली
➡️ पुलिस को प्रतीक नहीं, संवेदना से जोड़ने का संदेश
➡️ थानों से लेकर चौक तक बदला पुलिस का व्यवहार
➡️ महिला सुरक्षा और साइबर ठगी पर विशेष फोकस
➡️ बरेली में पुलिस पर लौटा जनता का भरोसा

एसएसपी अनुराग आर्य की वो कहानी जो चुपचाप दिल में उतर जाती है

डेस्क/ जन माध्यम

बरेली। शहरों की किस्मत अक्सर बैठकों से नहीं, नीयत से बदलती है। फाइलों की भाषा भले ठंडी हो, लेकिन जब नेतृत्व के भीतर इंसानियत धड़कती है, तो वही आदेश समाज की धड़कन बन जाते हैं। एसएसपी अनुराग आर्य का काम कुछ ऐसा ही है शोर से दूर, मगर असर गहरा। रविवार की देर  रात गूगल मीट पर हुई समीक्षा बैठक केवल निर्देशों की सूची नहीं थी। वह एक संदेश था कि पुलिस का चेहरा कठोर नहीं, न्यायपूर्ण और मानवीय होना चाहिए। डीजीपी परिपत्र की चर्चा करते हुए उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की पहचान किसी जाति, प्रतीक या प्रदर्शन से नहीं, बल्कि संविधान और संवेदना से होगी। यह बात सुनने में सामान्य लग सकती है, लेकिन जमीनी हकीकत में यह समाज को जोड़ने वाला साहसिक कदम है। अनुराग आर्य की खासियत यह है कि वे गलती पर आंखें नहीं मूंदते, लेकिन मेहनत पर दिल खोलकर भरोसा करते हैं। लंबित शिकायतों पर सख्ती, विवेचनाओं में गति, हिस्ट्रीशीटरो की निगरानी इन सबके बीच उनका ध्यान उस पीड़ित पर भी रहता है, जो चुपचाप न्याय का इंतजार कर रहा होता है। साइबर ठगी में फंसे लोगों की रकम जल्द फ्रीज कराने का निर्देश केवल प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि टूटते विश्वास को थामने की कोशिश है। उनकी सोच वहीं सबसे ज्यादा चमकती है, जहां अक्सर व्यवस्था कठोर हो जाती है थानों की हवालात में। ठंड में बंद व्यक्ति की तबीयत, उसका भोजन, उसका सम्मान इन बातों को याद दिलाकर वे बताते हैं कि कानून का मतलब अपमान नहीं, सुधार है। यही फर्क उन्हें अलग बनाता है। महिला सुरक्षा को लेकर उनकी संवेदनशीलता, ‘मिशन शक्ति’ पर जोर, बीट पुलिस को जवाबदेह बनाना, सोशल मीडिया की निगरानी ये सब कदम बताते हैं कि वे अपराध के बाद की कार्रवाई नहीं, अपराध से पहले की रोकथाम में विश्वास रखते हैं। एसएसपी अनुराग आर्य का नेतृत्व न तो मंचों पर दिखावे का है, न ही सिर्फ आंकड़ों का खेल। यह उस विश्वास का नाम है, जो किसी पीड़ित की आंखों में झलकता है, जब उसे लगता है कि पुलिस मेरी भी है। जब वर्दी डर नहीं, सहारा बन जाए तो समझिए शहर सही हाथों में है। आज पूरा जिला उसी एहसास के साथ सांस ले रहा है।