मेरठ: 'जीने की कोई इच्छा नहीं है' कह कर युवक ने कनपटी पर मारी गोली

मवाना के देवांश रस्तोगी ने लाइव वीडियो बना कर खुद को गोली मारी। कनपटी को छू कर निकली गोली। हालत गंभीर। मेरठ रेफर।

मेरठ: 'जीने की कोई इच्छा नहीं है' कह कर युवक ने कनपटी पर मारी गोली
HIGHLIGHTS:

मवाना के प्रीतनगर निवासी 21 साल के देवांश रस्तोगी ने गुरुवार देर शाम खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया।

गोली मारने से पहले देवांश ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया जिसमें उसने कहा, "जीने की कोई इच्छा नहीं है, किसी का कोई दबाव नहीं है।"

दोस्तों को देवांश नहर के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल युवक के पिता का मेडिकल स्टोर है और पुलिस हथियार तलाशने में जुटी है।

मेरठ/ उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना के प्रीतनगर में एक 21 साल के युवक देवांश रस्तोगी ने गुरुवार देर शाम आत्महत्या का प्रयास किया। युवक ने नहर की पटरी पर देसी पिस्टल से अपनी बाईं कनपटी पर गोली मार ली। गोली मारने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक लाइव वीडियो अपलोड किया जिसमें उसने अपनी आत्महत्या के प्रयास की मंशा जाहिर की।

युवक ने देसी पिस्टल लहराते हुए वीडियो अपलोड किया जिसमें उसने कहा कि "यह मेरा आखिरी समय है, मुझे किसी चीज की टेंशन नहीं है, किसी चीज का दबाव नहीं है और मैं किसी चीज से कमजोर नहीं हूँ। मैं न तो माँ-बाप को गलत बोलता हूँ, न ही दोस्त और प्यार को गलत बोलता हूँ। बस, मेरे जीने की इच्छा नहीं है। मेरे यार दोस्तों और घर वालों पर किसी तरह की आँच नहीं आनी चाहिए।

वीडियो देखते ही देवांश के घरवाले और दोस्त उसकी तलाश में निकल पड़े। दोस्तों को देवांश नहर के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद उन्होंने उसे पास के थाने पहुँचाया। पुलिस ने तुरंत घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

देवांश के पिता का एक मेडिकल स्टोर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक ने खुद को गोली मारी है और फिलहाल जाँच की जा रही है। पुलिस हथियार तलाशने में जुटी है, जिससे युवक ने खुद पर गोली चलाई थी। घटना के बाद से परिवार और दोस्तों के बीच सदमा और दहशत है।