नवाबगंज: बसपा के पूर्व सांसद मुनकाद अली का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
नवाबगंज के रिछोला में बसपा के पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए घर-घर जाकर प्रचार करने का आह्वान किया।
बसपा के पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने रिछोला में 'अजीमुश्शान जलसे' को किया संबोधित।
कार्यकर्ताओं से अपील: मायूस न हों, घर-घर जाकर बसपा की जनहितैषी नीतियों का प्रचार करें।
सरफराज़ खान। जन माध्यम
सैंथल।बरेली। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि प्रदेश की जनता एक बार फिर बहन कुमारी मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनते देखना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे क्षेत्रों में निकलें और घर-घर जाकर बसपा की नीतियों और शासनकाल की उपलब्धियों का प्रचार करें।
मुनकाद अली नवाबगंज के ग्राम रिछोला में बसपा मुस्लिम समाज के मंडल कोऑर्डिनेटर सलीम कुरैशी के आवास पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब-जब बहन जी सत्ता में आईं, तब-तब गुंडे, बदमाश और माफिया प्रदेश छोड़कर भाग खड़े हुए। कानून का राज स्थापित करना ही बसपा की पहचान है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय दलितों और मुस्लिमों के हाथों में सत्ता सौंपने का इंतजार कर रहा है।
कार्यक्रम को सलीम कुरैशी, अयोध्या प्रसाद गंगवार, सुमेर सिंह गौतम, नन्हे लाल सागर और जिला पंचायत सदस्य मुन्ने अंसारी लियाकती सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व, मुनकाद अली का बरेली-पीलीभीत मार्ग स्थित हरदुआ और मंडी के पास जोरदार स्वागत किया गया। सलीम कुरैशी के निवास पर कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों और फूल-मालाओं के साथ उनका इस्तकबाल किया।