सेंथल में मोहर्रम पर भाईचारे की मिसाल

सेंथल में मोहर्रम के सोयम पर सेंथल कांवड़ दल ने चाय की सबील लगाकर सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया।

सेंथल में मोहर्रम पर भाईचारे की मिसाल
HIGHLIGHTS:

इमाम हुसैन के सोयम पर सेंथल कांवड़ दल ने चाय की सबील लगाई।

हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

मोहर्रम के अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

जन माध्यम
सेंथल । 
शहीदाने-ए-इमाम हुसैन और कर्बला के सोयम के अवसर पर रविवार को सेंथल में सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की प्रेरक मिसाल देखने को मिली। विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सेंथल कांवड़ दल के बैनर तले हिंदू युवाओं ने कर्बला मोड़ पर चाय की सबील लगाकर श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया।

सबील पर आने-जाने वाले लोगों तथा मोहर्रम के जुलूस में शामिल अकीदतमंदों को चाय वितरित की गई। इस दौरान दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे का अभिवादन कर आपसी प्रेम, सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

सेंथल में मोहर्रम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ हिंदू समाज की सक्रिय सहभागिता वर्षों से चली आ रही गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान मानी जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भाईचारे का संदेश भी देते हैं।

इस अवसर पर अनुभव शर्मा, राहुल गुप्ता, उमाकांत जोशी, पारस गुप्ता, चन्द्रपाल यादव, संदीप कुमार, अली अशरफ सरकार, अनुकूल शर्मा, राजकुमार कश्यप, कड़ेराम मौर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।