डीएम कार्यालय के बाहर युवक का प्रदर्शन, 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' का पोस्टर लेकर पहुंचा

बरेली डीएम कार्यालय के बाहर एक युवक ने 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' लिखा पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

डीएम कार्यालय के बाहर युवक का प्रदर्शन, 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' का पोस्टर लेकर पहुंचा
HIGHLIGHTS:

डीएम कार्यालय के बाहर पोस्टर लेकर युवक ने दर्ज कराया विरोध।

युवक ने जंतर-मंतर की घटना के विरोध में प्रदर्शन करने की बात कही।

पुलिस युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी।

जन माध्यम
बरेली।
जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर मंगलवार को उस समय हलचल मच गई, जब एक युवक हाथ में सफेद कागज पर "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "जय हिंद" और "जय भारत" लिखे पोस्टर के साथ विरोध दर्ज कराने पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया इकाई के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पूछताछ में युवक की पहचान थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम जौहरपुर निवासी 27 वर्षीय सचिन यादव पुत्र रामवीर यादव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, सचिन इंटरमीडिएट तक शिक्षित है और वर्तमान में झुमका चौराहे से बरेली रेलवे स्टेशन के बीच इलेक्ट्रिक ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। वह विवाहित है।

प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह जंतर-मंतर पर हुई घटना के विरोध में अपनी नाराजगी व्यक्त करने के लिए डीएम कार्यालय पहुंचा था।

सूचना मिलने पर एलआईयू के अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। अधिकारियों ने युवक को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद उसे नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। बाद में कोतवाली पुलिस उसे आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ने विरोध प्रदर्शन किस उद्देश्य और किन परिस्थितियों में किया। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।