माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में विज्ञान शिक्षा पर मंथन, विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 ब्रोशर का विमोचन

बरेली के माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में विज्ञान भारती के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 ब्रोशर का विमोचन किया गया। विज्ञान शिक्षा, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशेषज्ञों ने मंथन किया।

माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में विज्ञान शिक्षा पर मंथन, विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 ब्रोशर का विमोचन
HIGHLIGHTS:

विज्ञान भारती और माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान शिक्षा पर विशेष संवाद आयोजित।

विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 के ब्रोशर का विमोचन, वैज्ञानिक सोच और नवाचार पर जोर।

विज्ञान भारती ने प्रदेश एवं जिला स्तर पर नए समन्वयकों की नियुक्तियों की घोषणा की।

जन माध्यम
बरेली।
माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में विज्ञान भारती, ब्रज प्रांत एवं विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 'लीडरशिप डायलॉग ऑन साइंस एजुकेशन' तथा विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 ब्रोशर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विज्ञान शिक्षा को नवाचार, अनुसंधान और भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिव कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक शशांक भाटिया, बरेली मंडल के मंडलायुक्त भूपेन्द्र सिंह चौधरी, विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक राम प्रताप, डॉ. रवि शरण सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री आशुतोष, विज्ञान भारती ब्रज प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, प्रो. नवीन कुमार तथा महानगर अध्यक्ष डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विज्ञान शिक्षा की वर्तमान चुनौतियों, अनुसंधान आधारित शिक्षण, भारतीय वैज्ञानिक विरासत और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और भारतीय वैज्ञानिक परंपरा के प्रति गौरव विकसित करने का राष्ट्रीय अभियान है।

इस दौरान विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 के ब्रोशर का विधिवत विमोचन किया गया। साथ ही विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षाविदों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में विज्ञान भारती के विभिन्न दायित्वों की भी घोषणा की गई। के. सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के प्रधानाचार्य नरेन्द्र शर्मा को प्रदेश आउटरीच समन्वयक, बेदी इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. जसमीत साहनी तथा माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सरकार को बरेली जिला समन्वयक नियुक्त किया गया। वहीं जे एंड ए इंटरनेशनल स्कूल के दीपक सक्सेना और बिशप कॉनराड स्कूल के डॉ. सौरभ चक्रवर्ती को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

विद्यालय के मैनेजर डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल, डायरेक्टर आर्यमन अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सरकार ने अतिथियों का स्वागत किया। समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश देते हुए अतिथियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप प्लांटर भेंट किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्राचार्य, शिक्षाविद और शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।