इज्जतनगर मंडल में हिन्दी प्रयोग को मिला बढ़ावा

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में आयोजित राजभाषा समीक्षा बैठक में कार्यालयी कार्यों में शत-प्रतिशत हिन्दी प्रयोग और राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

इज्जतनगर मंडल में हिन्दी प्रयोग को मिला बढ़ावा
HIGHLIGHTS:

इज्जतनगर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

डीआरएम वीणा सिन्हा ने सभी कार्यालयी कार्य शत-प्रतिशत हिन्दी में करने का आह्वान किया।

हिन्दी संगोष्ठी में विष्णु प्रभाकर के साहित्य और हिन्दी के महत्व पर व्याख्यान दिया गया।

रविंदर सिंह /जन माध्यम
बरेली।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की मार्च-2026 तिमाही समीक्षा बैठक एवं हिन्दी संगोष्ठी का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग और राजभाषा नीति के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए वीणा सिन्हा ने कहा कि इज्जतनगर मंडल में अधिकांश कार्यालयी पत्राचार हिन्दी में हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सभी कार्यालयी कार्यों का शत-प्रतिशत निष्पादन हिन्दी में सुनिश्चित करने तथा राजभाषा हिन्दी को कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग ने कहा कि मंडल में हिन्दी के प्रचार-प्रसार और उसके प्रयोग की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जहां भी अंग्रेजी का प्रयोग हो रहा है, वहां नियमानुसार हिन्दी अथवा द्विभाषी व्यवस्था लागू कराई जा रही है, ताकि राजभाषा नीति का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।

हिन्दी संगोष्ठी के मुख्य वक्ता एवं बरेली कॉलेज के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. श्यामपाल सिंह मौर्य ने साहित्यकार विष्णु प्रभाकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए हिन्दी को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की आधारशिला बताया। उन्होंने तकनीकी और कार्यालयी कार्यों में हिन्दी के व्यापक प्रयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कर्मचारियों से हिन्दी ज्ञान को समृद्ध करने और दैनिक कार्यों में उसके नियमित प्रयोग की अपील की। राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी बबलू ने कार्यक्रम का संचालन किया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने राजभाषा हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकतम प्रयोग का संकल्प दोहराया।