चलती ट्रेन से गिरकर पीएसी जवान की मौत, मुख्यमंत्री आवास पर तैनात था सिपाही, होली पर घर लौटते समय हुआ हादसा
मीरगंज, बरेली। थाना क्षेत्र में नगरिया सादात रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन से गिरकर पीएसी जवान अंकुर कुमार (30) की मौत हो गई। अंकुर होली की छुट्टी पर अपने घर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार सुबह करीब 6:30 बजे रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मालगाड़ी के लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जवान की पहचान उसके मोबाइल फोन से हुई, जिससे पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। अंकुर कुमार मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के थाना सिखेड़ा के मनोरा गांव के निवासी थे। वह गाजियाबाद की 47वीं वाहिनी पीएसी बटालियन में तैनात थे और वर्तमान में लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा ड्यूटी कर रहे थे।
मीरगंज थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के अनुसार अंकुर किसी ट्रेन से लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा और सीओ मीरगंज अंजनी कुमार तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।