रामगंगा नदी में नहाने गए चार दोस्त बहाव में बहे, एक लापता; रेस्क्यू अभियान जारी
मुरादाबाद के रामगंगा नदी में नहाने गए चार युवक तेज बहाव में बह गए। तीन को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक की तलाश में पुलिस और पीएसी की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है।
• रामगंगा नदी में नहाने गए चार युवक तेज बहाव की चपेट में आए।
• तीन युवकों को सुरक्षित बचाया गया, एक युवक अब भी लापता।
• पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम नदी में लगातार तलाश अभियान चला रही है।
जन माध्यम
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा की मिलक स्थित रामगंगा नदी में बुधवार को नहाने गए चार युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवक भीषण गर्मी और बिजली कटौती के बीच नदी में नहाने पहुंचे थे। नदी में उतरने के कुछ ही देर बाद वे तेज बहाव में फंस गए। इनमें से दो युवक काफी मशक्कत के बाद स्वयं तैरकर बाहर निकल आए, जबकि तीसरे युवक को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लापता युवक की पहचान आसिफ के रूप में हुई है, जो अमरोहा जिले का निवासी बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस, स्थानीय पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम मौके पर पहुंच गई और नदी में तलाश अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक अलमारी फैक्ट्री में साथ काम करते हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने और तेज गर्मी से राहत पाने के लिए वे रामगंगा नदी में नहाने गए थे।
बताया गया है कि लापता युवक आसिफ शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि नदी में गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक आसिफ का कोई पता नहीं चल सका था।