मुरादाबाद में मकान का लेंटर गिरा, महिला समेत छह लोग मलबे में दबे

मुरादाबाद के वारसी नगर में एक मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर गिरने से महिला समेत छह लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

मुरादाबाद में मकान का लेंटर गिरा, महिला समेत छह लोग मलबे में दबे
HIGHLIGHTS:

• वारसी नगर में दूसरी मंजिल का लेंटर गिरने से महिला समेत छह लोग मलबे में दबे।

• स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

• सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी, पुलिस ने जांच शुरू की।

जन माध्यम
मुरादाबाद।
मुगलपुरा थाना क्षेत्र के वारसी नगर में बुधवार सुबह एक मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद एक महिला और पांच बच्चे मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी छह घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

हादसे में शाकिर की पुत्री अनम, पुत्र सलमान, उनकी साली गुलाफशाह (पत्नी अय्यूब) तथा गुलाफशाह के तीन बच्चे हमजा, अहमद और जेहरा घायल हुए हैं।

मकान मालिक शाकिर ने बताया कि उनकी साली गुलाफशाह अपने तीन बच्चों के साथ एक दिन पहले ही मायके आई थीं। बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे सभी लोग घर में मौजूद थे, तभी दूसरी मंजिल का लेंटर अचानक गिर गया और सभी उसके नीचे दब गए।

घटना की सूचना मिलने पर मुगलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया और परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई।

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।