होली स्थल पर अवैध कब्जे का आरोप, प्रशासन हरकत में
मीरगंज के बलूपुरा गांव में परंपरागत होली स्थल पर अवैध कब्जे के आरोप के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। तहसीलदार ने पुलिस के साथ मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य रुकवाया।
➡️ बलूपुरा गांव में होली स्थल पर कब्जे का आरोप
➡️ ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन हरकत में
➡️ तहसीलदार ने पुलिस के साथ किया निरीक्षण
➡️ निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवाया
➡️ मामला सांसद छत्रपाल गंगवार तक पहुंचा
➡️ दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष जांच का आश्वासन
➡️ गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
जन माध्यम।
कर्ण पाल सिंह। मीरगंज (बरेली)।
मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव बलूपुरा में परंपरागत होली स्थल पर अवैध कब्जे को लेकर उठा विवाद अब प्रशासनिक जांच के दायरे में आ गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार को तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। प्रशासन की मौजूदगी से गांव में स्थिति फिलहाल शांत बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोगों द्वारा होली खेलने के लिए वर्षों से इस्तेमाल हो रहे स्थल पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उनका कहना है कि यह स्थान केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है, जहां हर वर्ष होली का आयोजन किया जाता रहा है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार को पहले ही लिखित शिकायत दी थी। मामला तब और गंभीर हो गया जब यह प्रकरण बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार तक पहुंचा। ग्रामीणों ने एक दिन पूर्व सांसद से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया, जिसके बाद सांसद ने एसडीएम को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। तहसीलदार द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, दोनों पक्षों को बुलाया गया है और उपलब्ध दस्तावेजों व साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि वे होली स्थल पर किसी भी प्रकार का कब्जा स्वीकार नहीं करेंगे और प्रशासन से परंपरागत स्थल को सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन का दावा है कि जांच पूरी होने तक क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।